स्वर कोकिला शारदा सिन्हा की तबीयत नाजुक, उनके पैतृक गाँव हुलास में पसरा सन्नाटा, गाँव वालों ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

न्यूज डेस्क सुपौल:

पद्मभूषण से सम्मानित प्रख्यात लोक गायिका और ‘स्वर कोकिला’ के नाम से विख्यात शारदा सिन्हा जी के गंभीर रूप से बीमार होने और वेंटिलेटर पर जाने की खबर ने उनके पैतृक गाँव राघोपुर प्रखंड के हुलास में सन्नाटा फैला दिया है। पूरे गाँव में उनकी सेहत को लेकर चिंता और उदासी का माहौल है। गाँव के लोग उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं और उनके प्रति गहरी संवेदना प्रकट कर रहे हैं।

हुलास गाँव में स्थित शारदा सिन्हा जी के पैतृक घर की जगह अब खपरैल वाला पुराना घर टूट चुका है, लेकिन उसकी कुछ निशानियाँ अभी भी वहां मौजूद हैं, जो उनके बचपन और इस स्थान से उनके गहरे जुड़ाव की गवाही देती हैं। इस परिसर में अब अन्य नए घर बनाए गए हैं, और परिवार के सभी सदस्य बाहर रहते हैं, सिवाय उनके एक भाई के, जो अभी गाँव में हैं। शारदा सिन्हा जी के बीमार होने की खबर सुनते ही उनके परिवार के लोग दिल्ली की ओर रवाना हो गए हैं, जहाँ वे इलाजरत हैं। इस समय घर पर केवल एक स्टाफ है, जो घर की देखभाल कर रहा है।

गाँव के लोगों का कहना है कि शारदा सिन्हा जी को अपने मायके से बेहद गहरा लगाव रहा है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा इसी हुलास गाँव में हुई थी, और वे अक्सर अपने मायके से जुड़े रहकर वहाँ के लोगों से भी संवाद बनाए रखती थीं। शारदा जी के इस कठिन समय में गाँव के लोग उनकी सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं और आशा कर रहे हैं कि वे जल्द ही स्वस्थ होकर वापस लौटेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]