अररिया: नपकर्मियों ने नौ सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की दी धमकी, नप कार्यालय में किया प्रदर्शन

न्यूज डेस्क अररिया: बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के बैनर तले शनिवार को फारबिसगंज नगर परिषद के कर्मचारियों ने अपने नौ मांगों के समर्थन में कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपने मांगों के समर्थन में एवं सरकार विरोधी नारे लगाए।बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के राज्य संगठन मंत्री सूरज कुमार सोनू की अगुवाई में यह प्रदर्शन किया गया।

मौके पर जानकारी देते हुए राज्य संगठन मंत्री सूरज कुमार सोनू ने बताया कि बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर बिहार के कई नगर निकाय के कर्मचारी 21 सितंबर से ही अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। लेकिन सीमांचल में कर्मचारी अभी भी काम पर थे। लेकिन बावजूद इन सबके पटना हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद एक साल बीत जाने के बाद भी सरकार मांगों को लेकर पहल नहीं कर रही है। श्री सोनू ने कहा कि यदि शीघ्र मांगें नहीं मानी गई तो चार सितंबर से कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जायेंगे। मांगों को लेकर उन्होंने कहा कि वर्षों से कार्यरत दैनिक कर्मियों की सेवा नियमित करने, समान काम के लिए समान वेतन लागू करने, वर्षों से कार्यरत कर्मियों की निजी संचिका खोलने, सरकारी कर्मियों के समान 7वां वेतन, पेंशन,एसीपी आदि का लाभ देने, नगर निकायों में निजीकरण पर रोक, 2004 के बाद नियुक्त कर्मियों को एनपीएस के साथ जोड़ प्राण नंबर आवंटित करने, कार्य के दौरान मृत्यु होने पर दस लाख की आर्थिक सहायता देने, इएसआई कार्ड मुहैया कराने आदि मांगे हैं। जिनको लेकर पटना हाईकोर्ट ने 21 अक्टूबर 2022 को ही आदेश दिया। बावजूद सरकार गहरी निद्रा में सोई हुई है और इस बार आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

प्रदर्शन करने वालों में सूरज कुमार सोनू, गुलाम मुस्तफा, सुरेश पासवान, लक्ष्मण मरीक, भीम मरीक, उपेंद्र मरीक, बसंत मरीक, संजय मरीक, मनोज मरीक, हेमा देवी, नीलम देवी, राधा देवी, सुगिया देवी, संजय सत्या आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *