सुपौल: गद्दी चौक पर भीषण चोरी की घटना, लगभग एक दर्जन की संख्या में आए अपराधियों ने हथियार का भय दिखा पिकअप से ले गए सामान

न्यूज़ डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के गद्दी चौक स्थित एक किराने की दुकान में मंगलवार की देर रात्रि भीषण चोरी की घटना घटित हुई है। जिसमें अपराधियों ने हवाई फायर किया, जिसके बाद दुकान का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया और सारा सामान पिकअप पर लादकर चलते बना। वहीं इस तरह की घटना से लोगों के बीच काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जहां कुछ लोग चोरी की घटना बता रहे हैं तो वहीं कुछ लोग इसे डकैती की घटना बता रहे हैं। इस दौरान अपराधियों ने करीब पांच लाख रुपये का सामान पर हाथ साफ कर लिया।

घटना को लेकर जानकारी देते पीड़ित दुकानदार गद्दी निवासी अजित कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात्रि करीब 9 बजे वो अपना दुकान बंद कर घर चले गए। जिसके बाद रात्रि के करीब साढ़े बारह बजे लगातार कुत्ता भौंकने तथा खटखट की आवाज पर जब बाहर निकले तो देखा कि 10 से 12 की संख्या में कुछ लोग उसके दुकान से सामान निकालकर बाहर सड़क पर खड़े पिकअप में डाल रहा था। जिसके बाद अन्य ग्रामीणों के साथ इसका विरोध किया गया तो सबने गलौज करते हुए हवाई फायरिंग करते हुए सामान पिकअप पर डालकर वहां से निकल गया।

वहीं पीड़ित दुकानदार के पड़ोसी संजय मंडल ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने से पूर्व सभी चोर घर के पीछे स्थित बांसबाड़ी में मौजूद था। इसी बीच उसके कुत्ता ने चोरों को देख लिया और भौंकने लगा। जिसके बाद चोरों ने कुत्ता को लाठी मारकर वहां से भगा दिया। इसी बीच संजय मंडल और उसके परिवार के सदस्यों की भी नींद खुल गई और बाहर आने के बाद चोरों को गाली देने लगा। जिस पर चोरों ने दो बार हवाई फायर किया और संजय मंडल को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया। इसके बाद चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

वहीं राघोपुर थाना में दिए आवेदन में पीड़ित दुकानदार अजित कुमार ने बताया है कि मंगलवार की रात्रि 9 बजे अपने अजित जेनरल स्टोर को बंद कर घर चले गए। रात्रि के करीब साढ़े बारह बजे उसका बड़ा भाई रूपेण मंडल बाथरूम जाने के लिए बाहर निकला तो दुकान से खटखट की आवाज सुनकर आसपड़ोस के लोगों को शोर कर जगाया और सबके साथ मिलकर दुकान पहुंचा तो देखा कि 10 से 12 की संख्या में कुछ लोग दुकान के सामानों की चोरी कर पिकअप वैन में रख रहे थे। यह देखकर सबने हल्ला किया तो सभी चोर दुकान का सामान पिकअप पर डालकर वहां से भाग निकला। जिसके बाद दुकान के अंदर जाकर देखा तो करीब पांच लाख रुपये का सामान तथा 40 हजार रुपये नकद दुकान से गायब था।

वहीं इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गद्दी चौक पर पुलिस कैम्प का मांग किया है। ग्रामीणों में सरपंच युवराज मंडल, पंचायत समिति सदस्य रामदेव यादव, कांग्रेस नेता मो जमील अनवर उर्फ टुन्ना, रूपेण मंडल, गणेश कुमार सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन की निष्क्रियता के कारण लगातार गद्दी चौक पर चोरी की घटना घटित होते रहता है। जिसके कारण चोरों का मनोबल दिनोदिन बढ़ता ही जा रहा है। कहा कि कई वर्ष यहां पुलिस कैम्प स्थित था, जिसके कारण काफी हद तक चोरी की घटना पर लगाम लग गया था, लेकिन पुलिस कैम्प हटने के बाद चोरी की गतिविधियां तेज हो गई है। लोगों ने एसपी सुपौल से मांग किया है कि गद्दी चौक पर एक पुलिस कैम्प का निर्माण किया जाय, जिससे आपराधिक घटनाओं पर लगाम लग सके।

वहीं मामले में थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केशरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है। बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]