सुपौल: सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा सम्राट स्कूल में ग्रेजुएशन डे व पैरेंट्स-टीचर सेमिनार का हुआ आयोजन

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के सिमराही स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन शिक्षा सम्राट स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2023-24 के ग्रेजुएशन डे तथा पैरेंट्स-टीचर सेमिनार का आयोजन किया गया। इस समारोह में छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करने के साथ-साथ अभिभावकों के साथ संवाद भी आयोजित किया गया। वार्षिक परीक्षा में सफल होने वाले सभी विद्यार्थियों के बीच पारितोषिक वितरण किया गया। प्रत्येक कक्षा में श्रेष्ठ तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र तथा स्वर्ण, रजत एवं ताम्र पदक देकर पुरस्कृत किया गया। पूरे विद्यालय में श्रेष्ठ तीन स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। 95% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को स्मार्ट वॉच देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन एवं अभिभावकों के बीच संवाद का भी आयोजन किया गया। प्रत्येक छात्र-छात्रा के परीक्षा-फल एवं शैक्षणिक उपलब्धि पर उनके माता-पिता एवं शिक्षक द्वारा व्यापक चर्चा हुई।

वहीं उपस्थित अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि विद्यालय परिवार सदैव अकादमिक उपलब्धियों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास को लेकर संकल्पित है। विद्यालय की प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा की अधिगम के सभी आयामों में सर्वोत्तम सफलता के लिए सदैव ही नवाचार एवं अभिनव प्रयासों को पाठ्यचर्या में शामिल किया जाता रहा है।

वहीं विद्यालय के प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने अभिभावकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आप सबों के सहयोग एवं समन्वय से विद्यालय परिवार सदैव ही अपने छात्र-छात्राओं को सभी सुविधाओं से परिपूर्ण माहौल उपलब्ध करवाने की कोशिश करता है। विगत सत्र में छात्र-छात्राओं के बेहतर शिक्षा को लेकर विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लासेस, प्ले एंड किड्स लैब सहित कई सुविधाओं की शुरुआत की गई। आगामी सत्र में भी ऐसे प्रयास अनवरत किए जाते रहेंगे।

इस कार्यक्रम का संचालन रणजीत लामा तथा सौरभ स्वर्णकार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में मनीषा झा, गौरव कुमार, पप्पू मेहता, शिव शंकर यादव सहित सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षकों एवं विभागों ने पूरी तल्लीनता से भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]