भारी बारिश से कोसी नदी में जलस्तर वृद्धि के संकेत, डीएम ने जारी किया हाई अलर्ट, तटबंध के भीतर रह रहे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल और नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। प्रशासन के अनुसार, शनिवार दोपहर 12 बजे तक कोसी नदी में 6 लाख 81 हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज होने की संभावना है, जो गंभीर स्थिति का संकेत है। 56 साल में पहली बार कोसी नदी से इतना पानी डिस्चार्ज होगा। इसको ध्यान में रखते हुए सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है और कोसी तटबंध के भीतर रह रहे लोगों से तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

डीएम ने स्थानीय लोगों से बाढ़ आश्रय स्थलों और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने का अनुरोध किया है। साथ ही, उन्होंने जल संसाधन विभाग के अभियंताओं को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियंता टीमें कोसी के पूर्वी और पश्चिमी तटबंधों पर कड़ी निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके। इसके अतिरिक्त, निर्मली, वीरपुर, और सुपौल सदर अनुमंडल के एसडीएम और अन्य अधिकारियों की टीम भी तटबंधों पर पेट्रोलिंग कर रही है, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

डीएम कौशल कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात से ही कोसी नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि होने की आशंका है, और शनिवार दोपहर तक नदी का डिस्चार्ज 6.81 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ सकता है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों और विभागों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनहानि को रोका जा सके और बाढ़ की स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]