सुपौल में शिक्षा व्यवस्था की बदहाली के खिलाफ युवा छात्र महागठबंधन का प्रतिरोध मार्च, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

युवा जिलाध्यक्ष अनोज आर्य उर्फ लव यादव के नेतृत्व में युवा छात्र महागठबंधन ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं के खिलाफ एक विशाल प्रतिरोध मार्च का आयोजन किया। मार्च के दौरान सदर बाजार स्थित लोहिया चौक पर मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रकट किया गया।

मार्च में राज्य में बार-बार हो रही परीक्षा प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं, गिरती शिक्षा व्यवस्था, और छात्रों की समस्याओं को लेकर नाराज़गी जताई गई। युवाओं ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव द्वारा सृजित 3.5 लाख पदों पर अब तक भर्ती नहीं की गई है। इसके साथ ही, हर साल बिहार में 30 लाख और देशभर में 80 लाख छात्र ड्रॉपआउट हो रहे हैं, जो शिक्षा विभाग की बदहाली को उजागर करता है।

छात्रों में भय और असुरक्षा का माहौल

लगातार हो रहे प्रश्नपत्र लीक और हाल ही में BPSC परीक्षा में हुई अनियमितताओं ने छात्रों के मन में असुरक्षा का माहौल बना दिया है। इन मुद्दों के विरोध में यह प्रतिरोध मार्च निकाला गया, जिसमें भारी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए।

विपक्ष का तीखा हमला

इस मौके पर पूर्व विधायक यदुवंश कुमार यादव ने कहा, “बिहार सरकार छात्रों की जायज़ मांगों को पुलिसिया दमन के जरिए दबाने की कोशिश कर रही है। लेकिन यह आंदोलन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अंतिम मुकाम तक पहुंचेगा।”

कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिमल यादव ने डबल इंजन की सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा, “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। विरोध करने पर उनकी आवाज को लाठी-डंडे के दम पर दबाने की कोशिश हो रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

महागठबंधन का कड़ा रुख

युवा जिलाध्यक्ष लव यादव ने शिक्षा माफिया और सरकार के गठजोड़ पर आरोप लगाते हुए कहा, “सभी परीक्षाओं का पेपर लीक करवा कर छात्रों के भविष्य के साथ अन्याय किया जा रहा है। हम मांग करते हैं कि BPSC परीक्षा रद्द कर छात्रों के हित में पुनः परीक्षा आयोजित की जाए। अन्यथा महागठबंधन का यह आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।”

मौके पर जिलाध्यक्ष संतोष सरदार, भूप नारायण यादव, विद्याभूषण कुमार, रामनाथ मण्डल, नीतीश कुमार, रामसागर पासवान, मो अनवर, संतोष कुमार सियोटा, लक्ष्मण झा नन्हे, मदन कुमार पासवान, सोनी कुमारी, प्रवेश प्रवीण, प्रभाकर प्रसाद, पंकज साह, रंजीत रमन आदि लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]