सुपौल: सिमराही में भीषण डकैती: हथियारबंद बदमाशों ने 50 लाख से अधिक की संपत्ति लूटी, इलाके में दहशत

न्यूज डेस्क सुपौल:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही नगर पंचायत अंतर्गत पिपराही वार्ड नंबर 15 में रविवार देर रात भीषण डकैती की वारदात सामने आई। भयंकर आंधी-तूफान और बारिश के बीच सात की संख्या में आए नकाबपोश अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने स्थानीय सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. तेज नारायण चौधरी के घर को निशाना बनाया।

घर मे बिखरे पड़े सामान

बताया जाता है कि रविवार की रात लगभग साढ़े ग्यारह बजे अपराधी पीछे के रास्ते से घर में घुसे। उस समय डॉ. तेज नारायण चौधरी के बड़े बेटे साकेत नारायण चौधरी घर पर मौजूद थे। जानकारी देते हुए साकेत चौधरी ने बताया कि जैसे ही वे अपने कमरे से बाहर निकले, बदमाशों ने हथियार के बल पर उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए घर के सभी कमरों को खुलवाया गया और पूरे घर में लूटपाट शुरू कर दी गई।

डकैतों ने नकद रुपये, सोने-चांदी के जेवरात, कीमती सामान तथा चार मोबाइल फोन समेत लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति लूट ली। लूट के दौरान बदमाशों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और विरोध करने पर मारपीट भी की, हालांकि गंभीर शारीरिक क्षति नहीं हुई है।

सीसीटीवी सिस्टम को भी बनाया निशाना:

अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नजरअंदाज नहीं किया। घर में घुसते ही उन्होंने कैमरों को काले कपड़े से ढक दिया। इसके बाद जब उन्होंने आंगन में अन्य कैमरों को देखा तो DVR सिस्टम को तोड़ दिया और उसे भी अपने साथ ले गए, ताकि उनके पहचान का कोई सबूत न रह जाए।

सीसीटीवी कैमरे पर लगा कपड़ा

घटनास्थल पर बदमाशों का एक गोली, एक मफलर और एक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

वहीं घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तत्पश्चात एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार और फिर सुपौल एसपी शैशव यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड टीम की मदद से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है और शीघ्र ही अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

ग्रामीणों में दहशत:

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *