बाढ़ और बारिश के बीच जून माह के राशन का वितरण शुरू, मई का राशन न पाने वालों को भी मिलेगा एक और मौका

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार में बाढ़ और बारिश के इस मौसम में राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत पात्र लाभार्थियों को राशन वितरण का कार्य निर्बाध रूप से जारी है। जून 2025 के लिए राशन वितरण 22 मई से ही प्रारंभ हो चुका है। जो लाभार्थी मई माह का राशन पहले ही प्राप्त कर चुके हैं, उन्हें जून का राशन ई-पॉस मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद दिया जा रहा है।

इससे पहले मई 2025 के राशन का वितरण 20 मई तक निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कर लिया गया था। हालांकि राज्य के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग को विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी प्राप्त हुई कि कुछ लाभार्थियों को निर्धारित समय सीमा तक मई महीने का राशन नहीं मिल सका है। इसे ध्यान में रखते हुए विभाग ने ऐसे लाभार्थियों को एक और अवसर देने की घोषणा की है।

क्या करना होगा ऐसे लाभार्थियों को?

वे लाभार्थी जिन्होंने अब तक मई माह का राशन प्राप्त नहीं किया है, वे अपने नजदीकी जन वितरण प्रणाली (PDS) विक्रेता के पास जाकर ई-पॉस मशीन से बायोमेट्रिक सत्यापन करवाकर मई महीने का राशन ले सकते हैं। इसके बाद, उसी प्रक्रिया से वे दूसरी बार बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर जून 2025 का राशन भी प्राप्त कर सकेंगे।

जिन लाभार्थियों को मई का राशन मिल चुका है:

ऐसे लाभार्थी पहले से ही 22 मई से जून माह का राशन प्राप्त कर रहे हैं। उन्हें केवल एक बार ई-पॉस से बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा और वे जून महीने का राशन प्राप्त कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]