बिहार में बारिश ने दी राहत, लेकिन वज्रपात से 9 लोगों की मौत; कई जिलों में अलर्ट जारी

न्यूज डेस्क पटना:

बिहार के कई हिस्सों में जहां सोमवार को हुई बारिश ने भीषण गर्मी से राहत दिलाई, वहीं वज्रपात की घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। राज्य के विभिन्न जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 9 लोगों की मौत हो गई है। इन घटनाओं में बक्सर जिले में सबसे अधिक 4 लोगों, पश्चिम चंपारण में 3, जबकि लखीसराय और कैमूर में एक-एक व्यक्ति की जान गई है।

इन हादसों के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। जगह-जगह परिजनों की चीत्कार और मातम का माहौल देखा गया। स्थानीय प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इससे पहले मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा राज्य के कई जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात का अलर्ट पहले ही जारी कर दिया गया था। सोमवार को मौसम विभाग ने भोजपुर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, जमुई, वैशाली, मधुबनी, सीतामढ़ी, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, भागलपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, गोपालगंज और सीवान जिलों के लिए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

दक्षिण बिहार में देर शाम मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है, जबकि पटना में सोमवार सुबह से तेज धूप निकलने के कारण उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है। हालांकि लोग यहां भी बारिश की उम्मीद में टकटकी लगाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]