सुपौल: राघोपुर में मानवता शर्मसार: युवक को नग्न कर खंभे से बांधकर पीटा, पेशाब पिलाने का आरोप, हालत गंभीर, वीडियो वायरल

न्यूज डेस्क सुपौल:

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या 3 से मानवता को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सोमवार की देर रात एक युवक को नग्न कर खंभे से बांधकर बर्बर तरीके से पीटने और उसे पेशाब पिलाने का आरोप लगा है। पीड़ित युवक की पहचान बसंत दास के रूप में हुई है, जो उसी वार्ड का निवासी है। घटना के बाद वीडियो हुआ वायरल। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि न्यूज एक्सप्रेस बिहार नही कर रही है।

क्या है मामला:

पीड़ित की पत्नी के अनुसार, सोमवार की रात उनके पड़ोसी के घर बहु भोज का आयोजन था। इसी दौरान बसंत दास पर एक महिला के साथ कथित छेड़खानी का आरोप लगाकर अफवाह फैलाई गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह वहां से भाग निकला और रात भर छिपा रहा।

मंगलवार की सुबह भारी संख्या में लोगों की भीड़ उसके घर पहुंची, उसे जबरन खींच कर बाहर निकाला गया और नग्न अवस्था में बिजली के खंभे से बांध दिया गया। इसके बाद सरेआम उसकी पिटाई की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब युवक ने प्यास लगने पर पानी मांगा तो उसे पानी की जगह पेशाब पिलाया गया। इस बर्बरता को देखने के बाद भी स्थानीय पुलिस मूकदर्शक बने रहे।

घटना की सूचना मिलने पर कुछ समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ से छुड़ाया और तत्काल राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर है जिसे रेफर कर दिया गया।

इस मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं मिली है। पीड़ित पक्ष के तरफ से आवेदन मिलने पर आगे की कार्यवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]