प्रधानमंत्री मोदी का सीवान दौरा: 10 हजार करोड़ की सौगात, विपक्ष पर तीखा वार

न्यूज डेस्क सिवान:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने पांचवें बिहार दौरे पर सिवान पहुंचकर राज्य को 10,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने जल, रेल और बिजली समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें वंदे भारत एक्सप्रेस, वैशाली-देवरिया रेललाइन, और अन्य आधारभूत परियोजनाएं शामिल रहीं।

कार्यक्रम का एक खास पल तब आया जब पीएम मोदी ने मंच पर एक स्थानीय टेराकोटा कारीगर रजनीश कुमार को आमंत्रित किया। रजनीश ने पीएम को मिट्टी से बनी सुराही (मृण पात्र) स्मृति चिह्न के रूप में भेंट की। यह उपहार बिहार की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक माना गया।

भव्य स्वागत, सिवान से सीधा संदेश

सिवान पहुंचने पर प्रधानमंत्री का जोरदार स्वागत हुआ। इसे राजनीतिक दृष्टि से अहम दौरा माना जा रहा है, क्योंकि सिवान को लालू प्रसाद यादव के परिवार का गढ़ माना जाता है। इसी मंच से पीएम मोदी ने महागठबंधन पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि:

“जिन्होंने बिहार में जंगलराज फैलाया था, उन्होंने राज्य के विकास के इंजन को जाम कर दिया था। लेकिन आज वही बिहार, तेज रफ्तार से विकास की ओर बढ़ रहा है। अब यहां बना इंजन अफ्रीका की रेल को भी गति देगा। मुझे पूरा भरोसा है कि बिहार ‘मेक इन इंडिया’ का बड़ा केंद्र बनेगा।“

उन्होंने आगे कहा कि बिहार का मखाना, फल और सब्जियां तो पहले ही विदेश जा रही हैं, लेकिन अब स्थानीय उद्योगों में तैयार उत्पाद भी वैश्विक बाजार में भेजे जाएंगे।

विपक्ष पर तीखा हमला, जनता से सतर्क रहने की अपील

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में आरजेडी और कांग्रेस पर करारा हमला करते हुए कहा:

“पंजे और लालटेन वाले एक बार फिर जंगलराज की वापसी का सपना देख रहे हैं। ये लोग बिहार की संपत्ति और संसाधनों पर फिर से कब्जा करना चाहते हैं। आपको अपने बच्चों के भविष्य के लिए सतर्क रहना होगा। बिहार की विकास यात्रा को रोकने वालों को कोसों दूर रखना होगा।“

उन्होंने यह भी बताया कि बीते 10 वर्षों में बिहार में:

  • 55 हजार किमी ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ।
  • 1.5 करोड़ से अधिक घरों को बिजली का कनेक्शन मिला।
  • 1.5 करोड़ घरों को नल का जल मिला।
  • 45 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटर खोले गए।

पीएम ने कहा कि यह गति अब और तेज करनी है, क्योंकि बिहार के लोग कभी हार नहीं मानते।

बिहार की भूमिका राष्ट्रीय विकास में अहम: पीएम मोदी

विदेश दौरे से लौटने के बाद सीधे बिहार पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया के बड़े नेताओं ने भारत की तरक्की की सराहना की है, और आने वाले समय में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है, जिसमें बिहार की भूमिका अहम होगी।

“बिहार ने इतिहास में भारत को नेतृत्व दिया है, लेकिन पंजे और लालटेन वालों ने इसे पलायन का प्रतीक बना दिया था। अब समय है बिहार को फिर से उसकी खोई प्रतिष्ठा दिलाने का।“

नीतीश कुमार का भी विपक्ष पर हमला

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मंच से आरजेडी पर निशाना साधते हुए कहा:

“2005 से पहले बिहार की हालत क्या थी, ये किसी से छिपा नहीं। एनडीए की सरकार बनने के बाद हमने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिलाओं की सुरक्षा और बुनियादी संरचना पर विशेष काम किया है। पहले महिलाएं घर से निकलने में डरती थीं, आज बड़ी संख्या में लोग जनसभा में आए हैं, यह बिहार के बदले माहौल का संकेत है।“

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]