DM ने किया कोसी पश्चिम तटबंध का निरीक्षण, संवेदनशील स्थलों पर अलर्ट रहने के निर्देश

न्यूज डेस्क सुपौल:

कोसी नदी में जलस्तर वृद्धि और बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार ने शनिवार को मरौना प्रखंड में स्थित कोसी नदी के पश्चिम तटबंध के विभिन्न संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस मौके पर अपर समाहर्ता सुपौल, अनुमंडल पदाधिकारी निर्मली, अंचल अधिकारी मरौना, जल संसाधन विभाग के अभियंता और संबंधित राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तटबंध की मौजूदा स्थिति का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांध के किसी भी हिस्से में क्षति या रिसाव की स्थिति उत्पन्न होने पर तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। साथ ही, उन्होंने संवेदनशील घाटों पर चौकसी बढ़ाने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्थानीय प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग को अलर्ट मोड में रहने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मौके पर मौजूद अभियंताओं को आवश्यक संसाधन एवं जनशक्ति की उपलब्धता सुनिश्चित करने, तटबंध के कमजोर हिस्सों को तुरंत दुरुस्त करने और स्थानीय लोगों को सतर्क करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]