पीएम मोदी का बिहार दौरा: 13 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण, ऊर्जा से लेकर स्वास्थ्य तक बड़ा तोहफ़ा

News Desk Gayaji:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार के गयाजी जिले में आयोजित भव्य जनसभा में राज्य को 13 हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस मौके पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत कई केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।

ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती

प्रधानमंत्री ने 660 मेगावाट क्षमता वाले बक्सर ताप ऊर्जा संयंत्र परियोजना का उद्घाटन किया। पीएम मोदी ने कहा कि इस संयंत्र से बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिलेगी और राज्य सहित पूरे क्षेत्र की बढ़ती बिजली की मांग पूरी होगी।

रेल संपर्क को बढ़ावा

प्रधानमंत्री ने दो नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई—

  • गयाजी-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
  • वैशाली-कोडरमा बौद्ध सर्किट ट्रेन

उन्होंने कहा कि बौद्ध सर्किट ट्रेन क्षेत्र के प्रमुख बौद्ध स्थलों को जोड़ते हुए पर्यटन और तीर्थयात्रा को नई दिशा देगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। अधिकारियों के अनुसार, इस अत्याधुनिक केंद्र में उन्नत ऑन्कोलॉजी ओपीडी, आईपीडी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, आधुनिक प्रयोगशाला, ब्लड बैंक और 24 बिस्तरों वाली आईसीयू सुविधा उपलब्ध होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब बिहार और आसपास के राज्यों के कैंसर मरीजों को बेहतर और किफायती इलाज के लिए दूर-दराज के महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

गंगा की स्वच्छता और शहरी विकास

नमामि गंगे परियोजना के तहत मुंगेर में 520 करोड़ रुपये की लागत से बने सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क का लोकार्पण भी पीएम मोदी ने किया। अधिकारियों का कहना है कि इससे गंगा में प्रदूषण कम होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने लगभग 1,260 करोड़ रुपये की शहरी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की नींव रखी। इसमें औरंगाबाद, जहानाबाद, लखीसराय और जमुई जिलों में एसटीपी और सीवरेज नेटवर्क से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। अटल शहरी कायाकल्प एवं परिवर्तन मिशन (अमृत 2.0) के तहत औरंगाबाद, बोधगया और जहानाबाद में जलापूर्ति परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।

आवास योजनाओं का लाभ

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12,000 ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (पीएमएवाई-यू) के अंतर्गत 4,260 लाभार्थियों को ‘गृह प्रवेश’ का तोहफ़ा दिया गया। इस अवसर पर पीएम मोदी ने प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को नए घर की चाबियां भी सौंपीं।

सड़क और पुल परियोजनाओं का उद्घाटन

प्रधानमंत्री ने बख्तियारपुर से मोकामा तक राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के चार लेन वाले खंड का उद्घाटन किया, जिसकी लागत लगभग 1,900 करोड़ रुपये आई है। इसके बनने से यात्रा का समय बचेगा, यातायात सुगम होगा और माल ढुलाई में आसानी होगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने 1.86 किलोमीटर लंबे औंटा-सिमरिया पुल का उद्घाटन भी किया। इस पुल से पटना जिले के मोकामा और बेगूसराय के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]