पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, पूर्णिया एयरपोर्ट की तैयारी पर तेज़ी—अब 5 सितंबर तक डेडलाइन

News Desk Purnea:

पूर्णिया एयरपोर्ट के निर्माण कार्य की समयसीमा एक बार फिर आगे खिसक गई है। पहले 30 अगस्त तक अंतरिम टर्मिनल का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कार्य अधूरा रहने पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई तारीख 5 सितंबर तय कर दी है।

शुक्रवार को नवनिर्मित टर्मिनल भवन में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम ने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) के अधिकारियों से सख्त लहजे में कहा कि पूर्णिया वासियों की वर्षों पुरानी उम्मीदों को किसी भी सूरत में ठेस नहीं पहुंचनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर तय समय में काम पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि विमानों के परिचालन की प्रक्रिया 5 सितंबर तक शुरू हो सके।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सेवा का शुभारंभ करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके के साथ पूर्वोत्तर बिहार और सीमांचल क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही हवाई सेवा की मांग पूरी होगी।

बैठक में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियों को फुलप्रूफ व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कार्यों की बारीकियों पर विशेष ध्यान देते हैं, इसलिए तय समयसीमा से कोई समझौता न हो।

बैठक में एएआई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि सर्दियों में धुंध और कोहरे के कारण उड़ानें बाधित न हों, इसके लिए रनवे पर कैट-2 लाइट लगाना अनिवार्य है। इसके लिए अतिरिक्त 16 एकड़ भूमि की मांग राज्य सरकार से की गई है।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि पूर्णिया एयरपोर्ट से जल्द ही कई शहरों के लिए उड़ानों की शुरुआत होगी और दो दिनों के भीतर टिकट बुकिंग की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। शुरुआती चरण में पटना, दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों के लिए उड़ानों की संभावना जताई जा रही है।

एयरपोर्ट के शुरू होने से सीमांचल क्षेत्र के लोगों को राजधानी और मेट्रो शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे न केवल स्थानीय व्यापार और पर्यटन को नया आयाम मिलेगा बल्कि यह एयरपोर्ट पूर्वोत्तर भारत और नेपाल सीमा से सटे इलाकों के लिए भी एक हब की भूमिका निभाएगा।

समीक्षा बैठक में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के अलावा बिहार की खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, राज्यसभा सांसद संजय झा, अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, अपर मुख्य सचिव मंत्रिमंडल सचिवालय एस. सिद्धार्थ, पुलिस महानिरीक्षक विनय कुमार, पूर्णिया प्रमंडल आयुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी अंशुल कुमार, एसपी स्वीटी सहरावत तथा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]