आरा में राहुल-तेजस्वी की वोटर अधिकार यात्रा पर हंगामा, दिखाए गए काले झंडे, माहौल गरमाया

न्यूज डेस्क आरा:

Bihar Voter Adhikar Yatra: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले माहौल गर्माता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को भोजपुर जिले के आरा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की मौजूदगी में उस समय हलचल मच गई, जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े और काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के मुताबिक, वोटर अधिकार यात्रा जब आरा के होटल ग्रांड के पास पहुंची तो अचानक भाजपा समर्थक सड़क पर उतर आए। हाथों में काले कपड़े और झंडे लिए कार्यकर्ता “नरेंद्र मोदी ज़िंदाबाद” और “कांग्रेस-राजद मुर्दाबाद” के नारे लगाने लगे। विरोध की वजह से कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मौके की नज़ाकत देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला। प्रदर्शनकारियों को किनारे किया गया और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन के नाम पर गड़बड़ी की जा रही है। इसी के खिलाफ वे विरोध कर रहे थे। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि विपक्ष जनता को गुमराह कर रहा है और चुनाव पूर्व वातावरण को बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।

विपक्ष की बड़ी राजनीतिक मुहिम

दूसरी ओर, कांग्रेस और राजद की यह यात्रा विपक्ष की एक बड़ी राजनीतिक मुहिम मानी जा रही है। संसद के मानसून सत्र में इस मुद्दे पर सरकार को घेरने के बाद अब विपक्ष सीधे जनता के बीच उतर चुका है। इस यात्रा में महागठबंधन के अन्य दल भी शामिल हैं। खास बात यह है कि जैसे-जैसे यात्रा अपने अंतिम पड़ाव की ओर बढ़ रही है, इसमें राष्ट्रीय स्तर के नेता भी जुड़ रहे हैं। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव भी इसमें शामिल हो चुके हैं।

भोजपुर की भौगोलिक स्थिति भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह जिला उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा है और यहां अखिलेश यादव का प्रभाव सीधे तौर पर दिख सकता है।

चुनावी सरगर्मी बढ़ी

आरा में हुए विरोध प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि विपक्ष की इस मुहिम को लेकर समाज में मिश्रित प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक ओर महागठबंधन के समर्थक बड़ी संख्या में यात्रा का स्वागत कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर भाजपा कार्यकर्ता इसे जनता को गुमराह करने वाली राजनीति बता रहे हैं।

फिलहाल, पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए हैं। भोजपुर की ज़मीन पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को दिखाए गए काले झंडों ने वोटर अधिकार यात्रा को सुर्खियों में ला दिया है और यह संकेत दे दिया है कि आगामी चुनाव में मुकाबला और भी तीखा होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]