सुपौल: सिमराही में पहली बार गणेश महोत्सव, चौथे दिन गंगा आरती से भक्ति में डूबा नगर

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के नगर पंचायत सिमराही में इस वर्ष पहली बार आयोजित हो रहा ऐतिहासिक और भव्य गणेश महोत्सव धार्मिक आस्था और उत्साह का केंद्र बन गया है। पिपराही रोड स्थित मारवाड़ी धर्मशाला के बगल में गणेश पूजा समिति सिमराही की ओर से आयोजित इस महोत्सव में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

शनिवार को महोत्सव के चौथे दिन का माहौल अत्यंत श्रद्धामय और भव्य रहा। इस अवसर पर विशेष आकर्षण रहा गंगा आरती का आयोजन, जिसे बनारस से आए विद्वान पंडितों की टोली ने पूरे विधि-विधान और परंपरागत रीति से संपन्न कराया। गगनभेदी शंखध्वनि, घंट-घड़ियाल और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालु आरती के दौरान भक्ति भाव से सराबोर होकर “हर-हर गंगे” और “जय गणेश देवा” के जयकारे लगाते नजर आए।

गंगा आरती के दौरान सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे। पूजन स्थल दीपों की रोशनी से आलोकित हो उठा और पूरा वातावरण मानो बनारस की गंगा घाट की छवि प्रस्तुत कर रहा था।

गणेश पूजा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें भजन संध्या, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और धूप दानी उत्सव भी शामिल हैं। बताया कि रविवार को भव्य भक्ति जागरण व झांकी का विशेष कार्यक्रम रखा गया हैं जिनमें दूर-दराज़ से आए कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिमराही में पहली बार इस तरह का आयोजन देखने को मिल रहा है, जिससे नगर की पहचान नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी।

मौके पर आयोजन समिति निगरानी टीम के सदस्य बिंदी प्रसाद गुप्ता, सचिन माधोगड़िया, सानू माधोगड़िया, अरविंद जायसवाल, समिति के अध्यक्ष विवेक जायसवाल, उपाध्यक्ष संतोष चौधरी, चंदन साह, सागर कुमार, अभिषेक बच्चन, सचिव विश्वजीत भगत, सह सचिव ब्रजेश गुप्ता, पप्पू पोद्दार, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद कुमार, सह कोषाध्यक्ष कुंदन विवेक, महताब चाँद सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]