



News Desk Supaul:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां के खिलाफ कथित अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने पर गुरुवार को पूरे सुपौल जिले में एनडीए कार्यकर्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। भाजपा, जदयू, लोजपा (रा) और अन्य घटक दलों के कार्यकर्ताओं ने सुबह से ही सुपौल विधानसभा, निर्मली विधानसभा, त्रिवेणीगंज विधानसभा, छातापुर विधानसभा समेत जिले के विभिन्न इलाकों में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बाजार बंद कराया और कई जगहों पर सड़क जाम कर जमकर नारेबाजी की।

राहुल और तेजस्वी के खिलाफ नारेबाजी
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव द्वारा दिए गए कथित अपमानजनक बयान ने पूरे देश का अपमान किया है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की मां का अपमान, हर मां का अपमान है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मांग की कि जब तक राहुल गांधी और तेजस्वी यादव सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सड़क जाम से आम लोगों को परेशानी
एनडीए कार्यकर्ताओं के इस विरोध-प्रदर्शन के कारण जिले के कई हिस्सों में घंटों तक यातायात ठप रहा। सड़क जाम के चलते आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर लंबी गाड़ियों की कतारें लग गईं।

कार्यकर्ताओं ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ शुरुआत है। अगर विपक्षी नेता माफी नहीं मांगते, तो बिहार बंद के बाद और भी बड़े आंदोलन किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि पूरे प्रदेश में लगातार चरणबद्ध आंदोलन चलाकर विपक्ष को सबक सिखाया जाएगा।

नेताओं ने कहा – “देश का अपमान बर्दाश्त नहीं”
भाजपा और जदयू नेताओं ने मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री की मां पर अभद्र टिप्पणी करना केवल नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि देश की हर मां का अपमान है। उन्होंने विपक्षी दलों को आगाह करते हुए कहा कि जनता इसे कभी माफ नहीं करेगी और कार्यकर्ता इसके खिलाफ हर मोर्चे पर लड़ने को तैयार हैं।
सुपौल में बंद के दौरान मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र ऋषिदेव, जदयू जिलाध्यक्ष राजेंद्र यादव, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष विनीता देवी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष जयंत मिश्रा, रणधीर ठाकुर, बिजेंद्र नारायण सिंह, अशोक सम्राट, दिलीप सिंह, संतोष प्रधान, शक्ति कुमारी, अनुराधा सहित NDA के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।