सीमांचल को रेलवे की बड़ी सौगात: 15 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे अररिया–गलगलिया रेललाइन का उद्घाटन, मंत्रालय ने घोषित की नई ट्रेनें

News Desk Araria:

सीमांचल वासियों के लिए आने वाला समय विकास और कनेक्टिविटी की दृष्टि से ऐतिहासिक साबित होने वाला है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 15 सितम्बर को पूर्णिया आयेंगे, जहां वे पूर्णिया एयरपोर्ट और बहुप्रतीक्षित अररिया–गलगलिया नई रेललाइन का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर पूरा सीमांचल क्षेत्र एक बड़े तोहफ़े का गवाह बनेगा।

उद्घाटन से पहले ही रेल मंत्रालय का बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री मोदी के उद्घाटन से पूर्व ही रेलवे मंत्रालय ने इस रेलखंड पर तीन नई ट्रेनों की घोषणा कर दी है। फिलहाल ये ट्रेनें पूजा स्पेशल के तौर पर चलाई जाएंगी, लेकिन पूजा के बाद इनके स्थायी परिचालन की पूरी संभावना जताई जा रही है। इससे सीमांचल के यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी और उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।

नई घोषित ट्रेनें और उनका रूट

रेल मंत्रालय द्वारा घोषित ट्रेनों में—

  1. न्यू जलपाईगुड़ी–पटना एक्सप्रेस (मार्ग: सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज, अररिया कोर्ट, पूर्णिया, कटिहार)
  2. न्यू जलपाईगुड़ी–गोमती नगर एक्सप्रेस (इसी मार्ग से होकर परिचालित होगी)
  3. न्यू जलपाईगुड़ी–नरकटियागंज एक्सप्रेस (मार्ग: सिलीगुड़ी, ठाकुरगंज, अररिया, फारबिसगंज, ललितग्राम, दरभंगा बाईपास, सीतामढ़ी)

इन तीनों ट्रेनों के शुरू होने से सीमांचल की रेल कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक मजबूत हो जाएगी।

जनसाधारण एक्सप्रेस का विस्तार

रेल मंत्रालय ने सीमांचल को एक और बड़ी सौगात दी है। सहरसा से चलने वाली जनसाधारण एक्सप्रेस को अब नरपतगंज से अमृतसर तक विस्तारित किया गया है। इस निर्णय से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों व छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें अब लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त साधन उपलब्ध होगा।

सांसद प्रदीप सिंह ने जताया आभार

रेलवे बोर्ड के इस फैसले पर अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का धन्यवाद जताया। उन्होंने कहा— “यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री की दूरदर्शिता का परिणाम है कि सीमांचल को एक के बाद एक बड़ी सौगातें मिल रही हैं। नई ट्रेनों के परिचालन से अररिया, फारबिसगंज, नरपतगंज और ठाकुरगंज सहित पूरे सीमांचल की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यहां के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।”

सीमांचल में विकास की नई राह

रेल मंत्रालय के इन फैसलों से यह स्पष्ट है कि सरकार सीमांचल को देश की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। नई रेललाइन और नई ट्रेनों के परिचालन से जहां स्थानीय यात्रियों को सहूलियत मिलेगी, वहीं व्यापार, शिक्षा और रोज़गार के अवसर भी बढ़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]