सुपौल: गणपतगंज की शिक्षिका नेहा कुमारी को मिला राजकीय सम्मान, विद्यालय में हुआ भव्य अभिनंदन समारोह

News Desk Supaul:

हरावत राज उच्च माध्यमिक विद्यालय गणपतगंज की शिक्षिका नेहा कुमारी को शिक्षक दिवस के अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राजकीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस सम्मान की खबर मिलते ही पूरे विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल बन गया। सोमवार को विद्यालय परिवार की ओर से उनके सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जहाँ उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर अभिनंदन किया गया।

विद्यालय प्रांगण शिक्षकों और विद्यार्थियों की तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। सहकर्मी शिक्षकों ने उन्हें बधाई दी और कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। समारोह के दौरान कई शिक्षकों ने उनके योगदान को याद किया और बच्चों के बीच उनकी लोकप्रियता पर प्रकाश डाला।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक महानंद पांडे ने इस अवसर पर कहा, “शिक्षक समाज के भविष्य निर्माता होते हैं। नेहा कुमारी ने अपनी ईमानदारी, मेहनत और शिक्षण कौशल से यह साबित किया है कि लगन और निष्ठा से असंभव कुछ नहीं। यह सम्मान पूरे विद्यालय के लिए प्रेरणा है। हम उम्मीद करते हैं कि उनकी तरह अन्य शिक्षक भी शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम करेंगे।”

मौके पर शिक्षक पवन कुमार, दिलीप कुमार दिनकर, बीरेंद्र कुमार, संजीव कुमार, प्रभाष कुमार, मो. सरफराज आलम, चंदन कुमार, मनोज कुमार, अशोक कुमार अमर, नागेंद्र कुमार, बेचन कुमार, गौरीशंकर कुमार, अक्षय कुमार, आशीष कुमार दास, सुलेखा कुमारी, शशिबाला एवं नीलू कुमारी सहित सभी शिक्षकों ने उनके सम्मान में शुभकामनाएँ दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]