सुपौल में जितिया पर्व पर स्नान करने गई मासूम की डूबने से मौत, 8 घंटे की खोजबीन के बाद मिला शव

रिपोर्ट: अमरेश कुमार|सुपौल

जितिया पर्व पर स्नान के दौरान सुपौल जिले में एक हृदयविदारक हादसा हो गया। पिपरा थाना क्षेत्र के दिनापट्टी पंचायत के लिटियाही वार्ड 18 निवासी अजय कुमार शर्मा की 5 वर्षीय पुत्री शालो कुमारी नदी में डूब गई। मासूम बच्ची की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

कैसे हुआ हादसा

शनिवार की सुबह शालो कुमारी अपनी मां और अन्य महिलाओं के साथ पारंपरिक रीति-रिवाज के तहत जितिया पर्व पर नदी स्नान के लिए गई थी। स्नान करने के दौरान नदी की तेज धार में फंसकर वह गहरे पानी में चली गई। महिलाएं और आसपास मौजूद ग्रामीण शोर मचाते रहे लेकिन बच्ची को बचाया नहीं जा सका।

प्रशासन व एनडीआरएफ की टीम मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पिपरा पुलिस और सीओ उमा कुमारी को जानकारी दी। तुरंत ही पिपरा थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। टीम ने करीब आठ घंटे तक लगातार तलाशी अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का कोई पता नहीं चल सका।

दूसरे दिन मिला शव

रविवार को एनडीआरएफ की टीम ने एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया और नदी में करीब 10 किलोमीटर तक तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान भूरारही पुल के समीप बच्ची का शव बरामद हुआ। मौके पर मौजूद परिवारजन और ग्रामीण शव देखते ही बिलख पड़े।

अधिकारियों का बयान

सीओ उमा कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही एनडीआरएफ को लगाया गया था और टीम ने लगातार सर्च अभियान चलाया। लेकिन शव अगले दिन जाकर बरामद हो सका। वहीं थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

गांव में मातम

मासूम शालो कुमारी के निधन की खबर सुनते ही परिवारजन समेत पूरे गांव में कोहराम मच गया। हर कोई गमगीन है और परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]