सुपौल: दुर्गा पूजा को लेकर जिला शांति समिति की बैठक आयोजित, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

News Desk Supaul:

जिले में दुर्गा पूजा 2025 को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर शनिवार को समाहरणालय, सुपौल स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की।

बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बिजली-पानी की व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएँ और पंडालों में सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के समय किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को चौकसी बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों एवं अफवाहों पर प्रशासन की पैनी नज़र रहेगी। कहीं से भी अफवाह फैलाने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि जिले में अमन-चैन और सौहार्द का माहौल बना रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, सुपौल, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा जिला शांति समिति के सदस्यगण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]