सुपौल: उधार नहीं देने पर पान दुकानदार की हत्या से भड़के लोग, हत्यारे को परिजनों के हवाले करने की मांग पर सड़क जाम

News Desk Supaul:

जिले में शुक्रवार की देर शाम हुई पान दुकानदार साजन कुमार की हत्या के विरोध में शनिवार की सुबह से ही स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने सुपौल–नवहट्टा मुख्य मार्ग को बैरो चौक के समीप मृतक के शव के साथ सड़क पर रखकर घंटों तक जाम कर दिया। इससे दोनों ओर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

बता दें कि सुपौल सदर थाना क्षेत्र के बैरो चौक पर शुक्रवार की शाम अपराधियों ने उधार में सामान नहीं देने पर पान दुकानदार साजन कुमार उर्फ साजन मुखिया को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल साजन कुमार को आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।

शनिवार की सुबह हत्या की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने साजन कुमार के शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारे को जल्द से जल्द सजा देने और मृतक परिवार को मुआवजा देने की मांग की। मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीणों का कहना था कि जब तक हत्यारे को उनके हवाले नहीं किया जाएगा, तब तक वे सड़क से नहीं हटेंगे।

स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। सदर थाना पुलिस समेत कई थानों की टीमों ने पहुंचकर लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, सुपौल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य अभियुक्त आदित्य कुमार को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आदित्य कुमार ने अपराध स्वीकार किया है। बताया गया कि आरोपी ने उधार नहीं देने पर गुस्से में आकर साजन कुमार को गोली मार दी थी। सदर थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और हत्या में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]