सुपौल में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशासन हुआ अलर्ट, सरायगढ़-भपटियाही में फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने की सघन वाहन जांच

News Desk Supaul:

आसन्न विधानसभा आम चुनाव 2025 को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में जिले में कुल 16 फ्लाइंग स्क्वाड टीम (FST) गठित की गई हैं, जो निर्वाचन आचार संहिता के सख्त अनुपालन को सुनिश्चित करने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

इन टीमों को विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया गया है, जो स्वतः संज्ञान के अलावा प्राप्त शिकायतों या सूचनाओं के आधार पर छापेमारी एवं जांच अभियान चला रही हैं। इसी के तहत शनिवार को सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र में गठित फ्लाइंग स्क्वाड टीम—जिसमें अंचलाधिकारी, सरायगढ़-भपटियाही भी शामिल हैं—द्वारा व्यापक वाहन जांच अभियान (Vehicle Checking Drive) चलाया गया।

जांच के दौरान टीम ने मुख्य सड़कों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर गुजरने वाले वाहनों की बारीकी से तलाशी ली। वाहनों के कागजात, परिवहन किए जा रहे सामानों की जांच के साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी वाहन में अवैध नकदी, शराब, उपहार सामग्री या चुनाव प्रचार से जुड़ी प्रतिबंधित वस्तुएं न हो।

अंचलाधिकारी ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिले की सभी FST टीमें सतर्क मोड में हैं और किसी भी प्रकार की अनैतिक या आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की धनबल या बाहुबल का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगरानी टीमों को निर्देश दिया गया है कि वे लगातार चेकिंग ड्राइव और निगरानी कार्यवाही जारी रखें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष माहौल में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]