बिहार विधानसभा चुनाव: सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट डालने वालों पर कार्रवाई तेज, 14 हैंडलर्स के खिलाफ FIR दर्ज

News Desk Patna:

बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आचार संहिता लागू होते ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भड़काऊ और भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने अब तक 22 आपत्तिजनक लिंक के आधार पर 14 हैंडलर्स के खिलाफ छह प्राथमिकी दर्ज की है। ये मामले आचार संहिता उल्लंघन के साथ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराओं में दर्ज किए गए हैं।

EOU के अनुसार, अब तक 100 आपत्तिजनक पोस्ट और लिंक की पहचान कर उन्हें एक्स (पूर्व में ट्विटर), मेटा (फेसबुक-इंस्टाग्राम) और यूट्यूब जैसे प्लेटफार्म से हटाने या ब्लॉक करने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 135 प्रोफाइल और इंटरनेट मीडिया हैंडल्स की पहचान की गई है, जिन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। इनमें 28 यूट्यूब चैनल, 77 सोशल मीडिया प्रोफाइल और 40 अन्य हैंडल्स शामिल हैं।

चुनाव के दौरान सोशल मीडिया की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल का गठन किया गया है। यह विशेष सेल 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन सक्रिय रहती है, जिसमें तीन पालियों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसी भी आपत्तिजनक या आचार संहिता उल्लंघन से जुड़ी पोस्ट, वीडियो या सामग्री मिलने पर यह सेल मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत तुरंत कार्रवाई कर रही है।

EOU ने निर्देश दिया है कि ऐसे सोशल मीडिया ग्रुप, चैनल या प्रोफाइल के एडमिन और सक्रिय सदस्यों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जो हैंडल्स बार-बार भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डाल रहे हैं, उन्हें वॉचलिस्ट में रखा गया है ताकि अगली बार उल्लंघन करने पर तत्काल ब्लॉक किया जा सके।

आर्थिक अपराध इकाई ने आम लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक और संयमित उपयोग करें। किसी भी आपत्तिजनक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली सामग्री की सूचना मोबाइल नंबर 9031829067 या ईमेल cybercell-bih@nic.in पर दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]