सुपौल: चिलोनी नदी में नहाने गए चार बच्चे डूबे, तीन को निकाला गया, एक की तलाश में NDRF की टीम जुटी

News Desk Supaul:

जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हुलास पंचायत के नवटोली वार्ड नंबर 11 में शनिवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिलोनी नदी में नहाने के लिए नदी किनारे गए चार बच्चे डूब गए, जिसमें से तीन को स्थानीय लोगों की तत्परता से बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक बच्चा अब तक लापता है। घटना ने पूरे इलाके में मातम पसरा दिया है।

जानकारी देते हुए परिजन नागो कामैत ने बताया कि उनका सात वर्षीय पोता सत्यम कुमार, पिता अजय कामैत अपने दो भाई व बहन शिव कुमार, शिवानी कुमारी और एक पड़ोसी मोदी कुमार के साथ शनिवार की शाम करीब 4 बजे नहाने के लिए चिलोनी नदी किनारे गया था। नहाने के दौरान अचानक गहराई में चले जाने से सभी चारों बच्चे डूबने लगे। बताया कि उस समय सत्यम की मां नदी के पास ही खेत मे काम कर रही थी।

उन्होंने बताया कि खेतों में काम कर रहे कुछ बच्चो ने सभी बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाया। शोर सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चों को बचाने की कोशिश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चे — शिव कुमार, शिवानी कुमारी और मोदी कुमार — को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सत्यम कुमार का कोई पता नहीं चल सका।

लापता बचा सत्यम कुमार

उन्होंने बताया कि सत्यम के साथ उनके एक भाई और एक बहन भी नदी में नहाने गया था तीनो भाई बहन में एक भाई और एक बहन को पानी से निकाल लिया गया जबकि छोटा भाई सत्यम अभी भी पानी मे लापता है।

स्थानीय लोगों ने राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रातभर सत्यम की तलाश जारी रही।

रविवार सुबह होते ही राघोपुर पुलिस की मौजूदगी में NDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बच्चे की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। नदी की तेज धारा और गहराई के कारण खबर लगने तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]