सुपौल में जिलेभर में मतदाता जागरूकता अभियान, गूंजा नारा — सुपौल है तैयार, मतदान करेंगे सब इस बार

News Desk Supaul:

आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को पूरे सुपौल जिले में स्वीप कार्यक्रम के तहत व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला स्वीप कोषांग, सुपौल के दिशा-निर्देशानुसार सभी प्रखंडों में जनसंपर्क अभियान, डोर-टू-डोर संपर्क, महादलित टोला भ्रमण, ई-रिक्शा माइकिंग, लो VTR बूथ विजिट और जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान आम नागरिकों को मतदान के अधिकार, महत्व और जिम्मेदारी के बारे में जागरूक किया गया। सभी प्रखंडों में आशा दीदी, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका, महिला पर्यवेक्षिका एवं जीविका दीदियों की सक्रिय भागीदारी रही। उन्होंने रैली, चौपाल, नुक्कड़ नाटक, मेहंदी प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, घर-घर संपर्क अभियान तथा वीडियो टेस्टिमोनियल निर्माण जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया।

किशनपुर प्रखंड के मलाढ़ पंचायत स्थित मुसहरी टोला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पिपरा विधानसभा के ऑब्जर्वर श्री संदीप, SSB बीरपुर के कमांडेंट, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड परियोजना प्रबंधक जीविका, ब्लॉक हेल्थ मैनेजर, आंगनवाड़ी सेविकाएँ, स्वच्छता टीम एवं जीविका दीदियाँ उपस्थित थीं। मौके पर शपथ ग्रहण, रंगोली निर्माण और मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

वहीं मरौना प्रखंड में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें लोगों ने निर्भीक, निष्पक्ष और शत-प्रतिशत मतदान का संकल्प लिया। रैली में छात्र-छात्राओं और जीविका समूहों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कर्णपुर पंचायत के लो VTR क्षेत्र में जिला स्वीप टीम, डीआरसी मैनेजर, प्रखंड समन्वयक और स्वच्छता पर्यवेक्षक की टीम ने “दस्तक अभियान” चलाकर घर-घर जाकर अपील पत्र वितरित किए और मतदान दिवस पर वोट डालने की अपील की।

जिला मुख्यालय एवं नगर परिषद क्षेत्र में भी जिलाधिकारी अपील पत्र को पढ़कर सुनाया गया, जिसमें नागरिकों से 11 नवम्बर 2025 को शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]