सुपौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: इंडो-नेपाल बॉर्डर से 620 किलो अवैध गांजा बरामद, करोड़ों की खेप जब्त

News Desk Supaul:

सुपौल जिले के इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सुपौल पुलिस ने नशे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 620 किलोग्राम अवैध गांजा की खेप जब्त की है। जब्त गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

इस पूरे मामले का खुलासा सुपौल पुलिस अधीक्षक सरथ आर. एस. ने सीमावर्ती बीरपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा की खेप सीमा क्षेत्र में लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए बीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में बीरपुर थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने इंडो-नेपाल सीमावर्ती बीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शुभंकरपुर गांव में मक्का के खेत में छापेमारी कर 21 बोरों में छिपाकर रखे गए 620 किलोग्राम अवैध गांजा को बरामद किया। बरामद गांजा को जब्त कर बीरपुर थाना लाया गया, जहां दंडाधिकारी की उपस्थिति में इसकी जांच एवं माप की गई। जांच में गांजा का कुल वजन 620 किलोग्राम पाया गया।

पुलिस अधीक्षक सरथ आर. एस. ने बताया कि इससे पहले भी 11 जनवरी को सुपौल पुलिस ने 451 किलोग्राम गांजा जब्त किया था, जो यह दर्शाता है कि पुलिस नशे के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुपौल पुलिस नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है।

फिलहाल गांजा तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच की जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। इस संबंध में बीरपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]