सुपौल: प्रतापगंज में उत्पाद विभाग की टीम पर हमला, महिला एएसआई गंभीर रूप से घायल, 7 आरोपी गिरफ्तार

News Desk Supaul:

जिले के प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 11 में बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर शराब तस्करों और उनके समर्थक ग्रामीणों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि वार्ड निवासी जोगिंदर सरदार के घर से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। बताया गया कि जोगिंदर सरदार पूर्व में भी शराब तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग की टीम बुधवार की शाम करीब 7:30 बजे तीन-चार चक्का वाहन से मौके पर पहुंची। टीम में तीन पदाधिकारी एवं नौ कांस्टेबल शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपी

टीम के पहुंचते ही इलाके में हड़कंप मच गया। इसी दौरान वहां मौजूद शराब तस्करों और उनके समर्थकों ने दुस्साहस दिखाते हुए लाठी-डंडे तथा ईंट-पत्थरों से उत्पाद विभाग की टीम पर हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले के कारण टीम को अपने बचाव में इधर-उधर बिखरना पड़ा।

इसी दौरान महिला एएसआई अंजलि कुमारी को हमलावरों ने निशाना बनाया। उन पर ईंट-पत्थरों से हमला किया गया, जिससे उनके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आईं। मौके की स्थिति अत्यंत भयावह हो गई। हालात को देखते हुए टीम में मौजूद उत्पाद निरीक्षक संजय सिंह ने तत्काल वरीय पदाधिकारियों को घटना की सूचना दी और किसी तरह घायल महिला एएसआई को भीड़ से बाहर निकालने में सफलता पाई।

घायल एएसआई अंजलि कुमारी को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल राघोपुर लाया गया जहां इलाज किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

घटना के कुछ ही घंटों के भीतर बीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने त्वरित छापेमारी करते हुए चिन्हित आरोपियों में से सात लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]