मधेपुरा: मिड-डे मील में लापरवाही, खिचड़ी खाने से 50 से अधिक छात्र बीमार

News Desk Madhepura:

मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय गहुमणि इटहरी में मिड-डे मील के दौरान गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। शनिवार को विद्यालय में परोसी गई खिचड़ी खाने के बाद 50 से अधिक छात्र अचानक बीमार पड़ गए, जिन्हें इलाज के लिए जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल स्थिर है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

पीड़ित छात्रों ने बताया कि भोजन करने के कुछ ही देर बाद उन्हें उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बच्चों का आरोप है कि खिचड़ी में छिपकली गिरी हुई थी। जब उन्होंने इसकी शिकायत विद्यालय की रसोईया से की तो कथित तौर पर उनकी थाली छीन ली गई और मामले को दबाने का प्रयास किया गया। बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर वे किसी तरह घर पहुंचे और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद आक्रोशित परिजन बच्चों को लेकर आनन-फानन में जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार अस्पताल पहुंचे और बीमार बच्चों का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]