Breaking News: गणतंत्र दिवस पर विवादित नारा, सुपौल में शिक्षक गिरफ्तार, जांच में जुटी पुलिस

News Desk Supaul:

सुपौल जिले से गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। किसनपुर प्रखंड अंतर्गत अभुआर उच्च विद्यालय में आयोजित 26 जनवरी के झंडोत्तोलन कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के प्रथम प्रधानमंत्री मोहम्मद अली जिन्ना के समर्थन में नारा लगाने के आरोप में एक शिक्षक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभुआर उच्च विद्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान विद्यालय में पदस्थ शिक्षक मो. मंसूर आलम द्वारा कथित रूप से “जिन्ना अमर रहे” का नारा लगाया गया। यह नारा सुनते ही कार्यक्रम में मौजूद अन्य शिक्षक, छात्र एवं स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए और मौके पर ही इस पर कड़ी आपत्ति जताई गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने तत्काल इसकी लिखित शिकायत स्थानीय थाना में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया और आवश्यक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच के दौरान विद्यालय के कई छात्रों ने भी बयान दर्ज कराए हैं, जिसमें उन्होंने शिक्षक द्वारा नारा लगाए जाने की पुष्टि की है। छात्रों के बयानों को जांच का अहम आधार माना जा रहा है।

इस पूरे मामले की पुष्टि करते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस. ने बताया कि प्राप्त शिकायत, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी की गई है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर इस प्रकार की गतिविधियां अत्यंत गंभीर और अस्वीकार्य हैं। मामले की विधिसम्मत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भी काफी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि शिक्षा के मंदिर में इस तरह की कथित हरकतें न केवल निंदनीय हैं, बल्कि देश की एकता और अखंडता पर भी प्रश्न खड़ा करती हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री शिवजी कुमार एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भवेश झा ने कहा कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा मिले ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का देशविरोधी नारा लगाने की हिम्मत न कर सके।

Leave a Comment