सुपौल: आपसी रंजिश में बाइक सवार अपराधियों ने युवक पर चलाई गोली, बाल बाल बची जान, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी वार्ड संख्या 8 में  मंगलवार को दोपहर में आपसी रंजिश को लेकर बाइक सवार तीन युवकों ने एक युवक पर गोली चला दी। गोली युवक की कनपटी के पास से गुजर गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि दो अन्य आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस ने एक खोखा भी बरामद किया है।

घटनास्थल

गोलीबारी की घटना में डुमरी वार्ड संख्या 10 निवासी बिनोद प्रसाद दास के पुत्र 29 वर्षीय अभिषेक कुमार को निशाना बनाया गया। घटना के संबंध में अभिषेक कुमार ने बताया कि वह बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरी में बतरान की तरफ जाने वाली सड़क के चौराहे पर बाइक सवार तीन युवकों को खड़ा देखा। इनमें पप्पू यादव, ब्रजेश मंडल और शक्तिकांत शामिल थे। युवकों को देखकर उन्होंने अपनी गाड़ी धीमी कर दी।

घटनास्थल पर बरामद खोखा

अभिषेक ने बताया कि इसी दौरान पप्पू कुमार ने उनसे कहा कि तुमने मेरी पुलिस में शिकायत क्यों की है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 20 नवंबर को उक्त युवकों ने उनके साथ छीना-झपटी की थी और उन्हें पकड़ लिया था। इस दौरान उनके हल्ला करने पर आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया था, लेकिन पुलिस में शिकायत करने पर गोली मारने की धमकी दी थी।

अभिषेक ने बताया कि इस घटना के बाद वह डरे हुए थे और 21 नवंबर को राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत की थी। उनके मुताबिक, पुलिस ने अगले दिन संबंधित युवकों से पूछताछ भी की थी। इसके बाद मंगलवार को तीनों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया और गोली चला दी। गोली उनकी कनपटी के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गए।

उन्होंने बताया कि घटना के दौरान ग्रामीणों की मदद से शक्तिकांत को पकड़ लिया गया। इसी बीच अन्य दोनों आरोपी हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राघोपुर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया है।

घटना के बाद डुमरी इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं, पुलिस फरार दोनों आरोपियों की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि गोली चलने की घटना हुई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]