सुपौल में भीषण सड़क हादसा: पांच वाहनों की टक्कर के बाद दुकान में घुसा ट्रक, एक युवक की मौत, दो गंभीर

Report: A.K. Chaudhary

सुपौल सदर थाना के मुख्य द्वार के सामने रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। यहां पांच वाहनों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद एक बेकाबू ट्रक सड़क किनारे स्थित जूस दुकान में जा घुसा। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान सदर थाना क्षेत्र के मल्हनी पंचायत के वार्ड संख्या-4 निवासी श्याम सुंदर कामत के 30 वर्षीय पुत्र सूर्यवंशी कुमार के रूप में हुई है। हादसे में घायल दो अन्य बाइक सवारों की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात गुदरी बाजार की तरफ से आ रहा एक ट्रक सदर थाना के सामने पहुंचा। इसी दौरान ट्रक ने एक बाइक, दो कार और एक अन्य ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे मौजूद जूस दुकान में जा घुसा। इस दौरान बाइक सवार सूर्यवंशी कुमार भी दुर्घटना का शिकार हो गए। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर ट्रक और कार के बीच फंस गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। प्रभारी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल ने काफी मशक्कत के बाद युवक को बाहर निकाला और तत्काल सदर अस्पताल सुपौल पहुंचाया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों की प्राथमिक चिकित्सा के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। हादसे के कारण करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।

इधर, युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। इस घटना के बाद मल्हनी पंचायत में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]