बिहार के कई जिलों में भूकंप के झटके, सुबह 7:05 बजे कांपी धरती; नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप

Report: A.K. Chaudhary

बिहार के कई जिलों में सोमवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। अहले सुबह अचानक धरती में कंपन होने से लोगों के बीच हलचल मच गई। राजधानी पटना से लेकर उत्तर बिहार, कोसी और सीमांचल के कई इलाकों में लोगों ने भूकंप का अनुभव किया।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर और सिवान समेत कई जिलों में लगभग 2 से 3 सेकंड तक हल्के झटके महसूस किए गए। अचानक हुए कंपन से लोग सतर्क हो गए और एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेने लगे।

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास सुबह करीब 7:02 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया। इसके झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी भूकंप का असर देखने को मिला।

हालांकि, बिहार समेत अन्य प्रभावित इलाकों से फिलहाल किसी के हताहत होने या जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। सुबह-सुबह आए भूकंप के झटकों की चर्चा लोगों के बीच बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]