News Desk Supaul:
जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार में एनएच-106 पर गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुनौली थाना क्षेत्र के कमलपुर पंचायत के रुपौली पुर्नवास वार्ड संख्या 19 निवासी मनोज सुतिहार के 16 वर्षीय पुत्र संजय सुतिहार के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए राघोपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान जेपी चौक से करीब 200 मीटर आगे एनएच-106 पर अचानक ब्रेक लगने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ा। बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह दुर्घटनास्थल से करीब 100 मीटर आगे तक घिसटती चली गई, जिससे युवक को गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक सिमराही बाजार स्थित एक मोटरसाइकिल गैरेज में काम करता था। वह बाइक की रिपेयरिंग के बाद उसकी टेस्ट ड्राइव कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रेफरल अस्पताल में तैनात डॉक्टर अंजार अहमद ने बताया कि युवक अस्पताल गैस पेन में ही आया। जांच के बाद उसे मृत घोषित किया गया। घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जांच में जुट गई।
इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि संजय दो भाइयों में बड़ा था और कम उम्र में ही काम करके परिवार का सहारा बन रहा था। वह सिमराही में मोटरसाइकिल गैरेज में करीब 1 वर्ष से काम करता था। उसकी असामयिक मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।







