सुपौल में महाशिवरात्रि पर जिले के सभी शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सुबह से जलाभिषेक जारी

Report: A.K. Chaudhary

महाशिवरात्रि के अवसर पर रविवार को सुपौल जिले में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही जिलेभर के शिवालयों में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। भक्त हाथों में जल, बेलपत्र और पूजन सामग्री लेकर लंबी कतारों में खड़े नजर आए और “हर हर महादेव” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे।

जिले के प्रसिद्ध बाबा भीमशंकर स्थान धरहारा में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। इसी तरह तिल्हेश्वर स्थान सुखपुर,  कपिलेश्वर नाथ मंदिर और राघोपुर थाना परिसर में स्थापित शिव मंदिर सहित जिले के अन्य शिवालयों में भी पूजा-अर्चना का सिलसिला जारी रहा।

मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाएं की गईं। कई जगह स्वयंसेवकों द्वारा कतार व्यवस्था संभाली गई, वहीं सुरक्षा व्यवस्था पर भी निगरानी रखी जा रही है, सभी जगहों पर पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट को भी नियुक्त किया गया है। ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। धरहारा स्थित बाबा भीमशंकर मंदिर पर वीरपुर डीएसपी सुरेंद्र कुमार पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

महाशिवरात्रि को लेकर देर शाम तक पूजा-अर्चना का दौर जारी रहने की संभावना है। भक्तों का मानना है कि इस पावन अवसर पर भगवान शिव की आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, यही कारण है कि जिलेभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है।

Leave a Comment

[democracy id="1"]