News Desk Supaul:
राज्य की महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत सोमवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कर-कमलों द्वारा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना अंतर्गत राशि अंतरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बिहार की 25 लाख महिला लाभुकों के खातों में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹2500 करोड़ की राशि का अंतरण पटना से किया गया।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुपौल जिला समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। इस अवसर पर बताया गया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना राज्य सरकार की समावेशी एवं दूरदर्शी पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक परिवार की एक महिला को रोजगार अथवा स्वरोजगार के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है। योजना के तहत सभी वर्गों की महिलाएं अपनी पसंद का रोजगार प्रारंभ करने हेतु ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता प्राप्त कर रही हैं, जबकि व्यवसाय की प्रगति के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता का भी प्रावधान है।

यह योजना सामुदायिक सहकारिता आधारित है, जिसके अंतर्गत वंचित परिवारों की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जा रहा है। रोजगार चयन, प्रशिक्षण, उत्पादन और विपणन के प्रत्येक चरण में स्थानीय समूहों का सहयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए गांव से शहर तक हाट-बाजार एवं विपणन नेटवर्क विकसित करने की योजना भी है।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 1,54,653 जीविका दीदियों को ₹154 करोड़ 65 लाख 30 हजार की राशि का अंतरण किया गया। वहीं अब तक जिले में 5 लाख से अधिक परिवारों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ₹500 करोड़ से अधिक की राशि सफलतापूर्वक दी जा चुकी है।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं उप विकास आयुक्त सारा अशरफ ने लाभान्वित महिलाओं को बधाई देते हुए स्वावलंबन और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़ने के साथ जिले और राज्य के आर्थिक विकास को गति दे रही है।
जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी 11 प्रखंडों, 42 संकुल स्तरीय संघों एवं 2148 ग्राम संगठनों में कार्यक्रम का वेबकास्ट प्रसारण किया गया, जिसे लाखों महिलाओं ने देखा और सुना, जिससे जिलेभर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक दीपक कुमार यादव, जिला संचार प्रबंधक विवेक महाजन, आज़ाद कुमार, अमित पाण्डेय, प्रखंड परियोजना प्रबंधक मो. मिर्जा आज़ाद बैग, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियाँ उपस्थित रहीं।







