IND vs NZ Final: भारत बना टी20 वर्ल्ड चैंपियन: न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर जीता 2026 का खिताब

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 255 रन बनाए, जिसमें संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ऑल आउट हो गई।

News Desk:

India vs New Zealand, T20 World Cup: टी20 क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर ICC Men’s T20 World Cup 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों की ताबड़तोड़ पारी और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की। इस जीत के साथ भारत ने अपना तीसरा वर्ल्ड कप का खिताब जीता।

फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की और पूरे 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

भारतीय टीम की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 89 रन की शानदार पारी खेली। वहीं ईशान किशन ने 54 रन, अभिषेक शर्मा ने 52 रन और शिवम दुबे ने 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इन पारियों की बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 256 रन का बड़ा लक्ष्य रखा।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय गेंदबाजों की सटीक लाइन और लेंथ के सामने कीवी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और लगातार विकेट गिरते रहे।

न्यूजीलैंड की ओर से Tim Seifert ने 52 रन और मिचेल सेंटनर ने 43 रन की पारी खेलकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी कोशिशें नाकाफी साबित हुईं। पूरी न्यूजीलैंड टीम 19वें ओवर में 159 रन पर ऑल आउट हो गई।

इस तरह भारत ने 96 रन की बड़ी जीत दर्ज करते हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम और क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह एक ऐतिहासिक और यादगार पल बन गया।

Leave a Comment