Report: A.K Chaudhary
Supaul LPG Gas Shortage: मिडिल ईस्ट क्षेत्र में चल रहे युद्ध को लेकर पेट्रोलियम पदार्थों की संभावित किल्लत की अफवाह फैलने से सुपौल जिले में लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है। इस अफवाह का असर अब स्थानीय बाजारों और गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिल रहा है। जिले के कई पेट्रोल पंपों और घरेलू गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ने लगी है। खासकर एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं।

इसी क्रम में सुपौल जिले के राघोपुर स्थित गणपति एचपी गैस एजेंसी पर बुधवार को एलपीजी गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। एजेंसी परिसर के बाहर लोगों की लंबी कतार लग गई। बताया जा रहा है कि कई उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए सुबह करीब ढाई बजे से ही लाइन में लग गए थे।

कतार में लगे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन भीड़ के कारण लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ रहा है। एजेंसी के बाहर खड़े लोगों के बीच गैस की कमी को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ उपभोक्ताओं का कहना है कि मिडिल ईस्ट क्षेत्र में चल रहे युद्ध के कारण पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है, जिस वजह से गैस की किल्लत होने की आशंका है।

वहीं कुछ लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति में देरी होने के कारण यह स्थिति बनी है। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं ने बताया कि इन दिनों शादी-विवाह का मौसम चल रहा है, जिसके कारण गैस सिलेंडर की खपत भी बढ़ गई है। यही वजह है कि एजेंसियों पर भीड़ अधिक देखी जा रही है।

मौके पर मौजूद गैस एजेंसी के एक कर्मी ने बताया कि बुधवार सुबह एलपीजी गैस सिलेंडर की खेप एजेंसी पर पहुंची है और उपभोक्ताओं को कतारबद्ध तरीके से सिलेंडर का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एजेंसी की ओर से व्यवस्था बनाकर सभी उपभोक्ताओं को गैस देने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से गैस की उपलब्धता को लेकर ऐसी ही स्थिति बनी हुई है। उपभोक्ता सुबह दो से तीन बजे के बीच ही एजेंसी पहुंचकर कतार में लग जाते हैं और गैस मिलने का इंतजार करते हैं।

भीड़ को देखते हुए किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए राघोपुर पुलिस प्रशासन भी मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रहा है, ताकि गैस सिलेंडर का वितरण शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराया जा सके।







