News Desk Araria:
Nitish Kumar Samriddhi Yatra Araria: समृद्धि यात्रा के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अररिया पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न विभागों की कुल लगभग 545.88 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और कार्यारंभ किया। इस दौरान मुख्य कार्यक्रम अररिया कॉलेज स्टेडियम में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में हुआ, जहां मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए बिहार के विकास की आगामी रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में बिहार देश के टॉप राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 तक के लिए विकास का रोडमैप तैयार किया है, जिसके तहत सभी क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का भी बिहार के विकास में भरपूर सहयोग मिल रहा है और राज्य सरकार लगातार योजनाओं को जमीन पर उतारने का काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने लगभग 40 मिनट के संबोधन में लोगों को बार-बार 2005 से पहले के बिहार की स्थिति की याद दिलाई और कहा कि उस समय की स्थिति और आज के बिहार में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, सिंचाई और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में लगातार काम किया है।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को आर्थिक पैकेज के तहत बड़ी राशि दी गई है। वहीं फरवरी 2025 के बजट में राज्य के लिए मखाना बोर्ड की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर की सफाई समेत कई योजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कई बार बिहार आ चुके हैं और राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग दे रही है।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से खड़ा होकर पूछा, “बताइये, सब अच्छा रहेगा न?” इस दौरान मंच पर मौजूद उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री लेसी सिंह तथा भाजपा विधायक देवंती यादव और विजय कुमार मंडल की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “इ सब लोग मिलकर काम करेंगे। हथवा उठा के बताओ जरा, ठीक है न?”

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से लगभग 10:25 बजे हड़ियाबाड़ी स्थित न्यू पुलिस लाइन पहुंचे, जहां उन्होंने 54 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक पुलिस लाइन का उद्घाटन किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से अररिया आरएस पहुंचे और 29.6 करोड़ रुपये की लागत से बने एएनएम प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए गए विकास योजनाओं की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कोसी डेयरी के मिल्क चिलिंग प्लांट के नवीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।

इन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का काफिला अररिया कॉलेज स्थित स्टेडियम पहुंचा, जहां उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री लगभग 12:25 बजे अररिया से किशनगंज के लिए रवाना हो गए।

वहीं सभा को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अररिया जिले के फारबिसगंज में 150 एकड़ भूमि पर हवाई अड्डे का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सुपौल जिले के वीरपुर में हवाई अड्डे के निर्माण के लिए केंद्र सरकार द्वारा टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे कोसी क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।







