Report: A.K Chaudhary
भारतीय एग्रो इंडस्ट्रीज फाउंडेशन (BAIF) द्वारा संचालित तथा एल एंड टी फाइनेंस के सहयोग से चल रही डिजिटल सखी परियोजना के तहत अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बुधवार को सरायगढ़ और राघोपुर क्लस्टर की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) राघोपुर में उत्साहपूर्वक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिजिटल सखियों, महिला उद्यमियों तथा परियोजना टीम के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और महिला सशक्तिकरण को लेकर अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम की शुरुआत डिजिटल सखियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई। इसके बाद उपस्थित अतिथियों का शॉल और फूल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत सिमराही की उपमुख्य पार्षद विनिता देवी, जीविका CM सुलेक्खा कुमारी, विकास मित्र मनीता देवी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान डिजिटल सखियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे किस प्रकार गांव-स्तर पर महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य कर रही हैं। उन्होंने समुदाय में जागरूकता अभियान चलाने, महिलाओं को हैंडहोल्डिंग सपोर्ट प्रदान करने, प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से महिलाओं को जोड़ने जैसे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। सखियों ने बताया कि इन प्रयासों से क्षेत्र की कई महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान परियोजना प्रबंधक अभिनव राज ने डिजिटल सखी परियोजना का संक्षिप्त परिचय देते हुए पिछले तीन वर्षों में हुई प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को डिजिटल साक्षरता, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
वहीं उपमुख्य पार्षद विनिता देवी ने डिजिटल सखियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में उनके प्रयासों से क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि डिजिटल सखी परियोजना ग्रामीण महिलाओं को नई पहचान देने के साथ-साथ उन्हें आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मौके पर बड़ी संख्या में डिजिटल सखियां और महिला उद्यमी उपस्थित रहे।







