Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर एक प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, सिमराही सेवा केंद्र के तत्वावधान में आयोजित हुआ। सेमिनार का विषय अवसाद, तनाव, चिंता, असफलता एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता रखा गया था, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने उपस्थित अतिथियों का शॉल एवं पौधा भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। सेमिनार में ब्रह्माकुमारी संस्थान की सीमावर्ती क्षेत्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी रंजू दीदी, स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी बविता दीदी, वरिष्ठ राजयोग प्रशिक्षणिका बिमला दीदी, उमा दीदी, ब्रह्माकुमार धर्मेंद्र भाई और किशोर भाई मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में युवाओं के सामने अवसाद, तनाव और असफलता की भावना बड़ी चुनौती बनती जा रही है। ऐसे समय में राजयोग ध्यान के माध्यम से मन को शांत, सकारात्मक और शक्तिशाली बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और परमात्मा से योग के द्वारा व्यक्ति अपने जीवन में संतुलन, आत्मविश्वास और सफलता प्राप्त कर सकता है।

कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार सिंह ने भी विद्यार्थियों को मानसिक रूप से मजबूत बनने और जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है, ताकि छात्र अपने लक्ष्य को बेहतर तरीके से हासिल कर सकें। कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाई ने किया।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी बीना बहन, सुमन बहन, विनय वर्धन, पंडित भोगेंद्र झा, ट्रेनर धर्मेंद्र भाई, पोस्टमास्टर महेंद्र भाई, एचओडी पुरुषोत्तम कुमार, शिक्षक संजय कुमार, अजीत कुमार, आशीष कुमार तथा नोडल ऑफिसर भानु प्रिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।







