सुपौल: राघोपुर में शराब तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 148 बोतल नेपाली शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 148 बोतल नेपाली देशी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराबबंदी कानून के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिससे क्षेत्र में सक्रिय शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।

जब्त शराब

पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर राघोपुर-गद्दी मार्ग पर दुर्गापुर नहर पुलिया के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। रात करीब 10 बजे एक संदिग्ध युवक ग्लैमर मोटरसाइकिल से आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही वह भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए युवक की तलाशी लेने पर उसकी मोटरसाइकिल पर लदे दो प्लास्टिक के बोरे से कुल 148 बोतल नेपाली ‘दिलवाले सोफी’ देशी शराब बरामद की गई। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की बताई जा रही है, जिससे कुल शराब की मात्रा 44 लीटर 400 एमएल आंकी गई है। गिरफ्तार युवक की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के गिरिपट्टी वार्ड संख्या 8 निवासी तारणी यादव के रूप में हुई है।  पुलिस ने मौके से बरामद शराब के साथ-साथ मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-50E-5321) को भी जब्त कर लिया है।

जब्त मोटरसाइकिल

इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और शराब का रखना, खरीदना एवं बेचना संज्ञेय अपराध है। उन्होंने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। शराब तस्करी के खिलाफ राघोपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment