Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले में किसानों को समय पर और निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर. एस ने संयुक्त रूप से राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही स्थित थोक उर्वरक विक्रेता मेसर्स विकास आनंद के प्रतिष्ठान और गुदाम का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था, स्टॉक पंजी, वितरण प्रणाली और निर्धारित दरों पर बिक्री की स्थिति की बारीकी से जांच की। इस दौरान यह विशेष रूप से सुनिश्चित किया गया कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध हो और किसी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न हो।

जांच के क्रम में स्टॉक रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का मिलान भी किया गया। अधिकारियों ने दुकानदार को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन और पारदर्शी रखें तथा सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर ही उर्वरकों की बिक्री सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सावन कुमार ने सख्त निर्देश दिया कि उर्वरकों की आपूर्ति एवं वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं भी अनियमितता या कालाबाजारी पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मौके पर जिला कृषि पदाधिकारी, वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभिलेखों का सत्यापन किया और व्यवस्था का जायजा लिया।







