सुपौल में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन सख्त, राघोपुर में एजेंसियों का औचक निरीक्षण

सुपौल के राघोपुर में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए प्रशासन ने गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की स्थिति की जांच कर सख्त निर्देश दिए।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति को सुचारू, पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया गया, जिससे वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सके।

निरीक्षण अभियान के तहत उप विकास आयुक्त, सारा अशरफ, वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी नीरज कुमार एवं राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से राघोपुर स्थित गणपति एचपी गैस एजेंसी तथा अचलपुर स्थित आनंद इंडेन गैस एजेंसी का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गैस की उपलब्धता, स्टॉक पंजी, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही एजेंसियों के अभिलेखों का सत्यापन करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

अधिकारियों ने संबंधित गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए और निर्धारित सरकारी दरों पर ही गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के साथ किसी प्रकार की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिला प्रशासन ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या वितरण में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

[democracy id="1"]