सुपौल: बलुआ में दो बाइक की जोरदार टक्कर, सिमराही के डॉक्टर की मौके पर मौत, दूसरा चालक जख्मी

सुपौल के वीरपुर-बलुआ मुख्य मार्ग पर दो बाइकों की भीषण टक्कर में सिमराही के निजी डॉक्टर शशि कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक फरार हो गया, पुलिस जांच में जुटी

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के बलुआ थाना क्षेत्र से शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। एसएच-91 वीरपुर-बलुआ मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक चिकित्सक की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, नेपाल के सप्तरी जिला निवासी 52 वर्षीय शशि कुमार यादव सिमराही में एक निजी क्लिनिक चलाते थे। शुक्रवार को वे किसी निजी काम से बलुआ गए हुए थे। लौटने के दौरान बलुआ के गुलामी स्थित पुल के पास उनकी बाइक की दूसरी मोटरसाइकिल से जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और आसपास अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल शशि कुमार यादव को वीरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. एस. रहमान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस दूसरी बाइक से टक्कर हुई थी, उसका चालक भी गंभीर रूप से जख्मी है और इलाजरत है। फिलहाल बलुआ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment