सुपौल: राघोपुर पुलिस की बड़ी कार्यवाई, मोबाइल व मोटर चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

राघोपुर पुलिस ने मोबाइल और मोटर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना पुलिस ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर सख्ती दिखाते हुए गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। अलग-अलग मामलों में संलिप्त तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान बरामद किया गया, साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राघोपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर सायत वार्ड 1 निवासी संतोष कुमार पासवान पिता- उपेंद्र पासवान, सिमराही वार्ड 10 निवासी बिट्टू कुमार दास पिता- मिथिलेश दास और  दुर्गापुर वार्ड 17 निवासी मो. राजा पिता- मो. सकीम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार की रात परसरमा चौक पर एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी किया गया था, वहीं उसी रात सिमराही इलाके में एक पानी वाला मोटर भी चोरी कर लिया गया। इन घटनाओं के बाद पीड़ितों में दहशत का माहौल था।

परसरमा निवासी विकास यादव और सिमराही निवासी नीतिन कुमार ने थाना में आवेदन देकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की गहन जांच शुरू की।

इस मामले में राघोपुर प्रभारी थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया एक पानी वाला मोटर, दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। साथ ही घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Leave a Comment