Report: A.K Chaudhary
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपट्टी स्थित एनएच-27 पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक आशा कार्यकर्ता की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश और शोक का माहौल है।
बताया गया कि धर्मपट्टी गैस ऑफिस के समीप कंचन देवी पैदल जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल कंचन देवी को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
मृतका की पहचान नगर पंचायत सिमराही वार्ड संख्या 13 निवासी स्वर्गीय वीरेंद्र नारायण दत्त की 48 वर्षीय पत्नी कंचन देवी के रूप में हुई है, जो स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता के पद पर कार्यरत थीं। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। प्रभारी थानाध्यक्ष स्वीटी कुमारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक की पहचान के लिए जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।







