सुपौल: सिमराही में सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप NH-27 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक किशनगंज का निवासी था और सड़क निर्माण कार्य में उपचालक के रूप में कार्यरत था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे एनएच 27 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान किशनगंज जिले के बीबीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरिया किशनगंज निवासी सत्यनारायण मंडल के 25 वर्षीय पुत्र मजनू कुमार मंडल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मजनू कुमार मंडल एनएच 27 पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में पिचिंग मशीन पर उपचालक के रूप में कार्यरत था।

घटना के संबंध में मृतक के साथी उत्तर प्रदेश निवासी नीरज यादव ने बताया कि वह पिचिंग मशीन के चालक हैं, जबकि मजनू उनके साथ उपचालक के रूप में काम करता था। नीरज ने बताया कि मजनू कुमार मंडल फरवरी माह में काम करने के लिए यहां आया था। मार्च महीने में निर्माण कार्य समाप्त होने के बाद वह भपटियाही थाना क्षेत्र के पिपरा खुद गांव में अशोक शाह के मकान में रह रहा था।

नीरज यादव के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे मजनू कुमार किसी निजी कार्य से बाइक लेकर सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान धर्मपट्टी स्थित कोशी पेट्रोल पंप के समीप NH-27 पर पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मजनू सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत उठाकर इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके साथ काम करने वाले साथी और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां माहौल गमगीन हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की कार्यवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]