समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ने राघोपुर स्टेशन का किया निरीक्षण, स्थानीय समस्याओं और रेल विस्तार की मांगों पर दिया सकारात्मक आश्वासन

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को राघोपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन विकास, ओवरब्रिज, ट्रेन विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़ी कई मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, जिस पर डीआरएम ने सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

Report: A.K Chaudhary

समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को राघोपुर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। करीब 26 मिनट तक स्टेशन परिसर में मौजूद रहकर उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्टेशन संचालन और विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। डीआरएम के राघोपुर पहुंचते ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।

डीआरएम व अन्य को सम्मानित करते स्थानीय समाजसेवी

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। स्टेशन परिसर में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन शिलापट्ट के आसपास गंदगी देखकर डीआरएम ने नाराजगी जताई और स्टेशन अधीक्षक को तुरंत सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण करते डीआरएम

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन और रेल सेवा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को डीआरएम के समक्ष प्रमुखता से रखा तथा मांग पत्र सौंपा। समाजसेवी उमेश गुप्ता और वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने राघोपुर स्टेशन के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-106 पर बने रेलवे ओवरब्रिज के बाद ढाला बंद होने से आम लोगों को हो रही कठिनाइयों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ढाला बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों और ग्रामीण इलाकों से आने-जाने वाले लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। साथ ही नगर पंचायत सिमराही दो हिस्सों में विभाजित हो गया है और ओवरब्रिज पर पैदल आवाजाही की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए वहां लाइट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी गई।

मांगपत्र सौंपते स्थानीय लोग

स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, यात्री शेड के विस्तार, पर्याप्त बेंच की व्यवस्था तथा पेयजल सुविधा को और बेहतर बनाने की मांग भी उठाई।

रेल परिचालन को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सुझाव और मांगें डीआरएम के समक्ष रखी गईं। समाजसेवी मयंक गुप्ता समेत अन्य लोगों ने फारबिसगंज अथवा ललितग्राम से सुपौल और सहरसा के लिए सुबह के समय पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग रखी, ताकि छात्र, दैनिक यात्री और नौकरीपेशा लोगों को सुविधा मिल सके। इसके अलावा सुपौल–नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को ललितग्राम तक विस्तारित करने, रक्सौल–जोगबनी एक्सप्रेस को न्यू जलपाईगुड़ी तक विस्तार देने तथा दरभंगा–फारबिसगंज होकर कटिहार के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।

संत अमरजीत ने सरायगढ़–देवघर स्पेशल ट्रेन को राघोपुर अथवा ललितग्राम तक विस्तारित करने की मांग को क्षेत्र की जरूरत बताते हुए इसे प्राथमिकता देने का आग्रह किया। वहीं सागर यादव ने स्टेशन पार्किंग परिसर के बाहर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला डीआरएम के समक्ष उठाया, जिस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

पदाधिकारियों से वार्तालाप करते डीआरएम

मीडिया से बातचीत में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए स्टेशनों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को जो मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए, वे सही तरीके से उपलब्ध हो रही हैं या नहीं, इसकी समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा स्टेशन विकास, ट्रेन ठहराव और रेल परिचालन विस्तार से जुड़ी जो मांगें रखी गई हैं, उन सभी बिंदुओं का गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण करते डीआरएम

ललितग्राम स्टेशन के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने बताया कि वहां वाशिंग पिट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है और आने वाले समय में अन्य विकास कार्यों की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ललितग्राम स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है और भविष्य में इसे एक आधुनिक एवं सुंदर टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना है।

निरीक्षण पूरा करने के बाद डीआरएम राघोपुर से ललितग्राम एवं अन्य स्टेशनों के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए। इससे पहले उन्होंने सरायगढ़ रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया था।

मौके पर उमेश गुप्ता, मयंक गुप्ता, संत अमरजीत, सागर यादव, स्मृति कुमारी, प्रशांत वर्मा, गुड्डू गुप्ता, अमित यादव सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[democracy id="1"]