सुपौल: सिमराही के द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी में मदर्स डे पर सजा सम्मान का मंच, बच्चों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से भावुक हुईं माताएं

राघोपुर प्रखंड के सिमराही स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी में मदर्स डे पर भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। बच्चों ने गीत, नृत्य और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से मां के प्रेम, त्याग और समर्पण को मंच पर जीवंत किया, जिससे उपस्थित माताएं और अभिभावक भावुक हो गया

Report: A.K Chaudhary

सुपौल जिले के राघोपुर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिमराही स्थित द परफेक्ट इंग्लिश एकेडमी सिमराही में रविवार को मदर्स डे के अवसर पर एक भव्य एवं भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों के साथ उनकी माताओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और मां के प्रति सम्मान, प्रेम, त्याग एवं समर्पण की भावना से कार्यक्रम सराबोर रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक विनय चांद, सह निदेशक दीपक कुमार, प्रधानाध्यापक अमित कुमार तथा उपस्थित माताओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत मां की महिमा को समर्पित गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई।

इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता एवं भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मां के त्याग, ममता और संघर्ष को मंच पर जीवंत कर दिया। कई प्रस्तुतियां इतनी भावुक थीं कि उपस्थित माताओं एवं परिजनों की आंखें नम हो गईं। बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास ने सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, खासकर माताओं की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ा दिया। विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की और विद्यालय के इस प्रयास को सामाजिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से सराहनीय बताया। कार्यक्रम का सफल संचालन अर्पणा सिंह, ऐश्वर्या दास एवं सृष्टि कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर विद्यालय के निदेशक विनय चांद ने कहा कि मां केवल परिवार की आधारशिला ही नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन की पहली गुरु होती हैं। बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में मां की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए मदर्स डे जैसे अवसर हमें उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

वहीं प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक ज्ञान देने का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और मानवीय मूल्यों को विकसित करने का भी माध्यम है। इस तरह के आयोजन बच्चों में पारिवारिक मूल्यों, सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल ऐडमिनिस्ट्रेटर आशीष रंजन, सुबोध कुमार, अविनाश कुमार, विकास कुमार, रवि रंजन, रूपेश कुमार, अभिषेक कुमार, शिक्षिका रिया अग्रवाल, पुष्पांजलि कुमारी, ज्योति कुमारी, अनुष्का सिंह, आन्या कुमारी, सिनु मिश्रा, दिव्या झा, कविता चौधरी आदि का सहयोग रहा।

Leave a Comment

[democracy id="1"]